सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

Dangal Movie; एक बेटी का अपने नेशनल चैंपियन पहलवान बाप को पटक देना

आमिर खान की फिल्म दंगल फोगट बहनों के संघर्ष और सफलता की कहानी से ज्यादा महावीर फोगट के अंतर्द्वंद की कहानी है, जो एक पिता, कोच और खिलाड़ी के रूप में अपनी इच्छाओं, असफलताओं, कामयाबी और सपने को पूरा करने के लिए स्वयं से ही लड़ रहा है। इंटरवल के बाद का वो दृश्य मस्तिष्क में घूम रहा है, जब गीता एनएसए से लौटती है और अपने पिता के अखाड़े में अपनी बहन को दांव पेंच समझा रही होती है। उसे नहीं पता होता है कि फोगट उसे दूर से देख रहे हैं वो तपाक से आते हैं और कहते हैं कि मैं भी तो जरा तुम्हारे दांव देखूं.. 

यहां बाप और बेटी के बीच मल्लयुद्ध होता है। यहां एक कोच अपने ही प्लेयर को गलत साबित करना चाह रहा है, जिसे उसने बड़ी लगन से तराशा है, उसे इस बात का दुख है कि कुछ महीने दूसरे से दांव पेंच सीखने वाली शिष्या स्वयं को उसके सामने बेहतर कह रही है और उसके दांव को कमजोर बता रही है। यहां आमिर का कैरेक्टर एक कोच के रूप में अपनी श्रेष्ठता के लिए लड़ता है, लेकिन गीता से पटखनी खाने के बाद जमीन से कोच के साथ एक हारा हुआ बाप भी उठता है। उसके अहं को चोट पहुंचती है और अपनी बेटी के साथ उसकी बातचीत बंद हो जाती है। मेरे मन में तमतमाई गीता का चेहरा टंगा हुआ है, जब पिता द्वारा पटके जाने के बाद वो कहती है कि मैं तैयार नहीं थी पापा.. 

ये दृश्य दंगल की थाती है.. मौलिक है। इस दृश्य में दोनों अभिनेता अपने चरम पर हैं और नीतेश तिवारी बधाई के पात्र हैं जो उन्होंने आमिर और शेख से सफलता पूर्वक उनका बेस्ट निकलवाते हैं। बॉलीवुड में अब तक हम बाप और बेटे को लड़ते झगड़ते देखते आए हैं, लेकिन दंगल में पहली बार बाप और बेटी के बीच मल्लयुद्ध देखने को मिलता है। ऐसा पहले किसी फिल्म में हुआ हो, मुझे याद नहीं आता। ये दृश्य इस फिल्म का प्राण है.. बाकी सब अदाकारी है जिसे कलाकारों ने शानदार तरीके से निभाया है। 

विक्षोभ से भरी गीता जब एनएसए लौटने लगती है, तो छत पर एक बाप के साथ कोच भी खड़ा होता है, जो उम्र की ढलान पर अपनी श्रेष्ठता के अहंकार में हार चुका होता है। इसमें कोई शक नहीं कि फोगट अपनी बेटी की क्षमताओं को ज्यादा समझ रहे होते हैं, लेकिन हॉस्टल और राज्य समर्थित सुविधाओं के आगे मजबूर होते हैं। सवाल है कि अगर फोगट एनएसए के कोच होते, तो क्या गीता को शुरुआत में लगातार मुकाबले हारने पड़ते। मुझे लगता है ऐसा नहीं होता.. फोगट की दुविधा यही होती है कि उनकी बेटी जिस तरीके से खेल और लड़ रही है वो सही नहीं है। उन्हें लगता है कि वो जो जानते हैं वो सही और सटीक है। एक बाप हमेशा चाहता है कि उसके बेटे/बेटी हर चीज को परफेक्ट तरीके से करें। 

फिल्म यह भी बताती है कि सदियों पहले बने किलो के गुंबद पर भले ही काई जम गई हो.. लेकिन उनकी मजबूती कम नहीं है। उनका आधार गलत नहीं है। हमें ये सीखने की जरूरत है कि पिता की सलाह हमेशा गलत नहीं होती है। गोल्ड की लड़ाई के फाइनल मुकाबले के आखिरी राउंड में गीता वहीं दांव चलती है, जो पिता ने सिखाया होता है.. 5 प्वाइंट वाला दांव.. जिसे कर पाना हमेशा संभव नहीं होता.. लेकिन ये एक पिता ही सिखा सकते हैं। 

कुछ लोग इस दंगल में नारीवाद ढूंढ़ने लगे हैं, लेकिन ये नारीवाद है क्या? आर्थिक स्वतंत्रता के बिना औरत के लिए कोई स्वतंत्रता संपूर्ण नहीं है इस पूंजीवादी काल में.. फोगट अपनी बेटियों से जो चाहते हैं उसका एक सिरा आर्थिक स्वतंत्रता की ओर जाता है। फोगट की कोशिशें और सपना ही उनकी बेटियों को अपने पैरों पर खड़ा करता है और जमाने के सामने सशक्त किरदार के रूप में उभारता है। ये फोगट के अनुशासन का परिणाम है, जो जानते हैं कि वो जिस रास्ते पर बेटियों को लेकर जा रहे हैं उसमें कितनी मुश्किलें है, तो उनके भीतर का बाप रात में अपनी बच्चियों के पैर दबाता है अपने प्यार को जाहिर करता है। ये पिता ही कर सकते हैं। जो जमाने की परवाह किए बिना परंपराओं को पटखनी दें, बेटियों को अखाड़े में उतारे और खापलैंड की नजरों में पाप करें। 

ये जिस दौर की कहानी है उस वक्त में पिता वटवृक्ष होते हैं, जिनकी छांव को छोड़कर जाना मुश्किल होता है। छोटी उम्र में उनका आदेश ही सर्वोपरि होता है, हमें नहीं पता होता है कि हमारा अधिकार क्या है.. वाद क्या है? गीता जब हॉस्टल जाती है, तो उसे लगता है कि पिता से बड़े पहलवान और जानकार दुनिया में हैं। वो बहुत लोगों को जानने लगती है, लेकिन गीता के पिता अपनी बेटी को जानते हैं.. अपने फन को जानते हैं जो उनकी बेटियों के लिए श्रेष्ठ साबित होता है। 

कितने बिम्ब है फिल्म में .. जो छूट रहे हैं। उन पर फिर कभी लिखूंगा... लेकिन फोन पर दो जोड़ी आंखों को सिसकता देखकर तीसरे की आंख में पानी खुद ब खुद आ जाता है। ये नीतेश तिवारी की जीत है। आमिर (फोगट) का अपनी बेटी को चैलेंज करना.. मस्तिष्क में अटक गया है। 

टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"एक हथौड़े वाला घर में और हुआ "

केदारनाथ अग्रवाल की कविता एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! हाथी-सा बलवान, जहाजी हाथों वाला और हुआ! सूरज-सा इंसान तरेरी आँखों वाला और हुआ! एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! माता रही विचार, अंधेरा हरने वाला और हुआ!! दादा रहे निहार, सबेरा करने वाला और हुआ।। एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! जनता रही पुकार सलामत लाने वाला और हुआ सुन ले री सरकार कयामत ढाने वाला और हुआ!! एक हथौड़े वाला घर में और हुआ!

रख दो मेरे होठों पर अपने होंठ

Image_Nandlal मुझे तलब लगी है तुम्हारे होठों की नमी चखने की पर इस पुरवाई में तुम अपने कमरे में कैद हो रात के तीसरे पहर मेरी आँखों में नींद के बजाय तुम्हारा चेहरा है मैं अपना दर्द कहूं तो कैसे मैंने तुम्हें इत्तला नहीं की है लेकिन तुम्हें आभास तो है एकतरफा बह रही पुरवाई से सूख रहा गला तुम्हें कैसे फोन करूँ तुम्हारी नींद में खलल कैसे डालूं तुम्हारी सांसें गिनना चाहूं अभी तुम्हारे हाथों की नमी में सोना चाहूं तुम्हें कैसे जगाऊँ नींद के एक्सटेंशन में मैं तन्हा जगा हूँ तुम्हारे फोन नम्बर का उच्चारण करते गले में पड़ रहा है सूखा जैसे मार्च में ही तप रहा जेठ का सूरज पड़पड़ा रहे होंठ, उधड़ रही चमड़ी सोचता हूँ दौड़ पड़ूं तुम्हारी सड़क की ओर और तुम भी चली आओ मॉर्निंग वॉक करते और रख दो मेरे होठों पर अपने होंठ ताकि तर जाये मेरा गला ठंडी पड़ जाए मेरी रूह शुकराने में मैं चूम लूं तुम्हारी पलकें और भर लूं तुम्हें अँकवार में जैसे एक दूसरे से चिपट जाती हैं बन्द आंख की पलकें

कौड़ियों के भाव बिक रही प्याज: जो रो नहीं पाएंगे वो झूल जाएंगे फंदे से!

Courtesy_Onion_Google images उत्तर भारत में इस समय प्याज की फसल खेतों से मंडी तक पहुंच रही है, लेकिन किसान को कीमत नहीं मिल रही। तीन से चार रुपये किलो का भाव जा रहा है। किसान को दाम नहीं मिल रहा है। वो हताश है, लेकिन सोचिए कि कौन हैं ये लोग जो टन के टन अभी प्याज खरीद रहे हैं ? ये कटु सत्य है कि जो खरीद रहे हैं उनकी चांदी है। बहुत सारे किसान ऐसे हैं जो प्याज को स्टोर करने की स्थिति में नहीं है। उनके पास पैसा नहीं है। फसल उगाने के लिए जो कर्ज लिया था उसे भरना है, ऐसे में उसे पैसा चाहिए, लेकिन प्याज की कीमत नहीं मिल पा रही है। मंडी में प्याज की कीमत तीन से चार रुपया प्रति किलो।  दूसरी ओर बिचौलिये भी सस्ते में प्याज खरीद कर स्टोर करेंगे और जैसे ही उत्तर भारत के राज्यों में बरसात शुरू होगी, प्याज की कीमत चढ़नी शुरू होगी। और इतनी रफ्तार से चढ़ेगी कि आम आदमी कहेगा... ‘ प्याज हमेशा से ही महंगी थी ’ । उसे पता नहीं चलेगा कि इसी प्याज को किसान मई के महीने में 3 रुपया किलो के हिसाब से बेचकर हताश है।  वो बिचौलिए जो प्याज को कौड़ियों के दाम खरीदे हैं। बरसात में 80 से 100...