सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

MY EXPERIMENT WITH COVID-19: कोरोना वायरस संक्रमित होने के बाद क्या बदला?

नोट: इस पोस्ट के आधार पर कोई राय ना बनाएं. ये सिर्फ एक व्यक्ति की व्यथा हैं. किसी भी स्थिति में डॉक्टर से संपर्क करें.

3 अक्टूबर 2020 को मुझे पहली बार बहुत तेज बुखार आया. हालांकि एक-दो दिन पहले से ही मुझे लग रहा था कि तबीयत नासाज है. बुखार और जुकाम के लक्षण शरीर में दिख रहे थे. नाक बंद होने लगी थी. 3 अक्टूबर को रात में बहुत तेज बुखार आया. रात में पैरासिटामॉल की टेबलेट खाकर सोई थी. लेकिन, सुबह के 4 बजे के करीब बुखार फिर चढ़ गया. चूंकि 3 अक्टूबर तक दिल्ली में ठंड का असर कम था. इसलिए शाम को हम चार दोस्तों ने एसी चलाकर ठंडी बीयर पी थी और साथ में खाना खाया था. मुझे साइनस की हल्की समस्या है. इसलिए मुझे लगा कि शायद बीयर का असर है. जिसकी वजह से मेरी नाक बंद हुई और फिर ठंडी बीयर ने बुखार को मौका दे दिया. दिल्ली में कोरोना वायरस अपने चरम पर था, लेकिन दूसरी लहर का हल्ला नहीं हुआ था. लग रहा था जैसे कोविड की रफ्तार धीमी पड़ गई है. फिर भी 3 अक्टूबर की रात आए बुखार ने हल्का डर जगा दिया था कि कहीं कोरोना तो नहीं हो गया? फिर ये सोचते रहे कि अगर कोरोना हुआ है तो क्या हुआ? तेज बुखार ही तो है. पैरासिटामॉल खाएंगे और देखेंगे कि आगे क्या होता है. अभी खांसी शुरू नहीं हुई थी. फिर विकास भैया के बड़े भाई विवेक भैया से बात हुई और उन्होंने कहा कि संक्रमण के लक्षण तो हैं. क्या पता कोरोना ही हो. चेक करा लो. उन्होंने कुछ दवाएं बताईं. मैंने दवाएं खरीद के खाना शुरू कर दिया. दो दिन बाद मुझे खांसी शुरू हो गई. बुखार काबू में था. नाक पूरी तरह बंद हो गई थी. 

एक हफ्ते तक यही सिलसिला चलता रहा. जब लगता कि बुखार चढ़ने वाला है. मैं पैरासिटामॉल खा लेता. फिर 10 अक्टूबर की शाम को जिन चार दोस्तों ने पिछले शनिवार को एक साथ बीयर पी थी. उनमें से एक ने अपना कोविड टेस्ट किया. एक दोस्त के पास एंटीजन टेस्ट किट थी. उसके किसी करीबी ने उसे एहतियातन दी थी. आत्मनिर्भर तरीके से की गई उस जांच में हमारा दोस्त कोविड पॉजिटिव आया था. एक निगेटिव आया. फिर 10 अक्टूबर की शाम को जब मुझे उन दोनों का रिजल्ट पता चला तो मैंने खुद का टेस्ट करने का फैसला किया. बुखार को एक हफ्ते हो गए थे. शरीर कमजोर हो गया था. थकान और बदन दर्द महसूस हो रहा था. मैंने अपना एंटीजन टेस्ट किया और पाया कि मैं भी कोरोना संक्रमित हो गया हूं. फिर मेरे रूप पार्टनर ने अपना कोविड टेस्ट किया, उसका रिजल्ट भी पॉजिटिव आया. हम सब अब डर गए थे. 

अगले दिन हम लोग मयूर विहार फेज वन में शशि गॉर्डन स्थित दिल्ली सरकार की डिस्पेंसरी पहुंचे और अपनी कोरोना जांच करवाई. मैंने सिर्फ आरटी-पीसीआर करवाया, जबकि मेरे रूम पार्टनर ने रैपिड एंटीजन टेस्ट और आरटी-पीसीआर दोनों करवाया. रैपिड टेस्ट का रिजल्ट तुरंत आया और मेरे दोस्त को सरकारी रिकॉर्ड में पॉजिटिव दिखा दिया गया. मेरा रिजल्ट तुरंत पता नहीं चला. हम दोनों अपने कमरे पर आए और थोड़ी देर में दिल्ली सरकार की ओर से नियुक्त आशा वर्कर दवाएं और ऑक्सीमीटर लेकर आई. दवाओं में विटामीन सी कैप्सूल, जिंक और पैरासिटामॉल के साथ मल्टीविटामिन टेबलेट थे. हम लोगों को बुखार शुरू हुए एक हफ्ते हो गए थे. मुंह का स्वाद चला गया था. नमक और चीनी का ठेठ स्वाद भी बिल्कुल हल्का सा मालूम होता था. चुटकी भर चीनी लेकर जीभ पर रखो तो ऐसा लगता था कि हल्की मिठास है. कमरे में डिओ छिड़क दो तो महक ही नहीं आती थी. कुकर में पकती दाल की गंध पता ही चलती थी. चिकन मिट्टी जैसा स्वाद देता था. हमें मालूम चल गया था कि हमें कोरोना ने जकड़ लिया है. 

कोरोना पॉजिटिव करार दिए जाने के बाद दिल्ली सरकार की ओर से मेरे रूम पार्टनर को हर रोज फोन आते और डॉक्टर उसका हाल-चाल लेता. पूछता कि तबीयत कैसी है. कैसा महसूस हो रहा है. क्या दिक्कत है. क्या अस्पताल में भर्ती होना है. मेरा दोस्त सब ठीक बताता और अस्पताल में भर्ती होने को भी. आशा वर्कर हर सुबह उसका ऑक्सीजन लेवल मांगती, हम जांच कर व्हाट्स ऐप कर देते. 

चार दिन मैंने आशा वर्कर को फोन किया कि मेरी कोविड रिपोर्ट अभी तक नहीं आई. जब फोन किया तभी मैडम ने बताया कि मेरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव है और वे दवाएं लेकर आ रही है. ऑक्सीमीटर मैं अपने रूम पार्टनर का ही यूज करूंगा. सरकार की ये व्यवस्था थी. मैंने कहा ठीक है. उन्होंने 15 दिन की दवाएं दी थीं. वहीं जो मैंने ऊपर बताया है. मुझे अभी तक आधिकारिक रिपोर्ट नहीं मिली थी. खांसी की समस्या के लिए आशा वर्कर ने एक लिक्विड दिया और दिन में दो-तीन बार ठंडे पानी के साथ गरारा करने को कहा. पांच दिन लगातार करने के बाद खांसी से मुझे काफी आराम मिल गया. 

जब मेरे जांच कराने को एक हफ्ते हो गए मैं एक दिन डिस्पेंसरी पहुंचा और वहां की एएनएम से बोला कि मेरी रिपोर्ट कहां है. अभी तक मुझे रिपोर्ट नहीं मिली. उन्हें शॉक लगा. थोड़ी नोंक झोंक हुई और मैडम फिर से एक एक्सल सीट में से चार पांच नाम एक ए-4 कागज पर प्रिंट करके लाईं, जिस पर आईसीएमआर के अधिकारियों के हस्ताक्षर थे और साइन थे और कहा कि यही है आपकी रिपोर्ट... मुझे शक हुआ. 

मैं पॉजिटिव करार दिया गया था, लेकिन मेरे पास किसी भी डॉक्टर को फोन नहीं आया. ना ही आशा वर्कर ने इस बारे में कुछ कहा. उसने मुझे ऑक्सीमीटर भी नहीं दिया था. मेरे नाम से सामान जारी होता तो दस्तावेज में चढ़ता. डॉक्टर फोन करता तो दस्तावेज में दर्ज होता. ऐसा कुछ नहीं हुआ. हम दवा खाते रहे और मटन करी हफ्ते में दो-तीन खाने लगे. मटन का स्वाद भी फीका लगता, लेकिन ताकत के लिए खाते रहे. साथ ही मेरी एक दोस्त ने मुझे कीवी लाकर दी और कहा कि इसमें विटामिन सी भरपूर होता है. खाओ जल्दी ठीक हो जाओगे. 

मैंने सुबह और शाम कीवी खानी शुरू कर दी. साथ में अजवाइन, गुड़, अदरक और काली मिर्च का काढ़ा भी पीते रहे. लेकिन, दिन में सिर्फ दो-तीन बार. जब हमें आधिकारिक से जांच कराए 10 दिन हो गए तो हम फिर डिस्पेंसरी पहुंचे और कहा कि हममें कोई लक्षण हमें जांच करानी है. लेकिन, डिस्पेंसरी वालों ने मना कर दिया. कहा कि जब तक 17 दिन नहीं हो जाएंगे हम जांच नहीं करेंगे. हम वापस लौट आए. 

वापस लौटने के बाद हमने फिर अपने दोस्त रैपिड एंटीजन टेस्ट किए मांगी और खुद से अपना टेस्ट किया. इस बार हमारा टेस्ट निगेटिव आया. हमने राहत की सांस ली. लेकिन, हम बहुत कमजोरी महसूस होती थी. दस सीढ़ियां चढ़ने पर हांफने लगते. बिस्तर पर गिरते ही नींद आने लगती. खर्राटे बढ़ गए थे. एक बार में बहुत ज्यादा खाना नहीं खा पाते थे. मेरी खुराक पांच सामान्य रोटियों की है. लेकिन, मैं तीन ही खा पाता था. हमने बादाम, केले और सेव का भी सेवन करना चालू कर दिया था. साथ में मटन भी... 29 अक्टूबर को हम डिस्पेंसरी गए और अपना टेस्ट कराया. हमारी रिपोर्ट निगेटिव आई और हमें सरकार ने सर्टिफिकेट देने के साथ होम क्वारंटीन से डिस्चार्ज कर दिया. लेकिन, शारीरिक कमजोरी और नाक का पूरी तरह से खुलना बाकी था. 

ये कहानी का पहला पार्ट है. अगले भाग के लिए इंतजार करें. आगे की पोस्ट में कोविड के बाद शरीर पर पड़े असर के बारे में बताऊंगा. इसको लिखने का मकसद ये है कि अगर आपको कभी चिंता हो तो इसे पढ़कर अपने लक्षण मिला लें. धन्यवाद. सुकून और सांत्वना मिलेगी. 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"एक हथौड़े वाला घर में और हुआ "

केदारनाथ अग्रवाल की कविता एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! हाथी-सा बलवान, जहाजी हाथों वाला और हुआ! सूरज-सा इंसान तरेरी आँखों वाला और हुआ! एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! माता रही विचार, अंधेरा हरने वाला और हुआ!! दादा रहे निहार, सबेरा करने वाला और हुआ।। एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! जनता रही पुकार सलामत लाने वाला और हुआ सुन ले री सरकार कयामत ढाने वाला और हुआ!! एक हथौड़े वाला घर में और हुआ!

रख दो मेरे होठों पर अपने होंठ

Image_Nandlal मुझे तलब लगी है तुम्हारे होठों की नमी चखने की पर इस पुरवाई में तुम अपने कमरे में कैद हो रात के तीसरे पहर मेरी आँखों में नींद के बजाय तुम्हारा चेहरा है मैं अपना दर्द कहूं तो कैसे मैंने तुम्हें इत्तला नहीं की है लेकिन तुम्हें आभास तो है एकतरफा बह रही पुरवाई से सूख रहा गला तुम्हें कैसे फोन करूँ तुम्हारी नींद में खलल कैसे डालूं तुम्हारी सांसें गिनना चाहूं अभी तुम्हारे हाथों की नमी में सोना चाहूं तुम्हें कैसे जगाऊँ नींद के एक्सटेंशन में मैं तन्हा जगा हूँ तुम्हारे फोन नम्बर का उच्चारण करते गले में पड़ रहा है सूखा जैसे मार्च में ही तप रहा जेठ का सूरज पड़पड़ा रहे होंठ, उधड़ रही चमड़ी सोचता हूँ दौड़ पड़ूं तुम्हारी सड़क की ओर और तुम भी चली आओ मॉर्निंग वॉक करते और रख दो मेरे होठों पर अपने होंठ ताकि तर जाये मेरा गला ठंडी पड़ जाए मेरी रूह शुकराने में मैं चूम लूं तुम्हारी पलकें और भर लूं तुम्हें अँकवार में जैसे एक दूसरे से चिपट जाती हैं बन्द आंख की पलकें

कौड़ियों के भाव बिक रही प्याज: जो रो नहीं पाएंगे वो झूल जाएंगे फंदे से!

Courtesy_Onion_Google images उत्तर भारत में इस समय प्याज की फसल खेतों से मंडी तक पहुंच रही है, लेकिन किसान को कीमत नहीं मिल रही। तीन से चार रुपये किलो का भाव जा रहा है। किसान को दाम नहीं मिल रहा है। वो हताश है, लेकिन सोचिए कि कौन हैं ये लोग जो टन के टन अभी प्याज खरीद रहे हैं ? ये कटु सत्य है कि जो खरीद रहे हैं उनकी चांदी है। बहुत सारे किसान ऐसे हैं जो प्याज को स्टोर करने की स्थिति में नहीं है। उनके पास पैसा नहीं है। फसल उगाने के लिए जो कर्ज लिया था उसे भरना है, ऐसे में उसे पैसा चाहिए, लेकिन प्याज की कीमत नहीं मिल पा रही है। मंडी में प्याज की कीमत तीन से चार रुपया प्रति किलो।  दूसरी ओर बिचौलिये भी सस्ते में प्याज खरीद कर स्टोर करेंगे और जैसे ही उत्तर भारत के राज्यों में बरसात शुरू होगी, प्याज की कीमत चढ़नी शुरू होगी। और इतनी रफ्तार से चढ़ेगी कि आम आदमी कहेगा... ‘ प्याज हमेशा से ही महंगी थी ’ । उसे पता नहीं चलेगा कि इसी प्याज को किसान मई के महीने में 3 रुपया किलो के हिसाब से बेचकर हताश है।  वो बिचौलिए जो प्याज को कौड़ियों के दाम खरीदे हैं। बरसात में 80 से 100...