सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

बुक रिव्यू: मुर्गीखाने में रुदन को ढांपने खातिर गीत गाती कठपुतलियां

Courtesy_Vani prakashan
मुकुटधारी चूहा.. वाणी प्रकाशन से प्रकाशित राकेश तिवारी का कहानी संग्रह है. सात कहानियों के इस संग्रह में कुछ बेहद रोचक कहानियां है. इन कहानियों के अनेक रूप है जो कड़े सवाल करती है. 'अंधेरी दुनिया के उजले कमरे में' रहने वाले 'मुकुटधारी चूहों' की हकीकत बयां करती ये कहानियां बताती है कि 'मुर्गीखाने' में नाचती 'कठपुतली' भी आखिर में थक जाती है. अपराधबोध जब हावी होता है, तो एक किशोर भी 'साइलेंट मोड' में चला जाता है.

किताब में कहीं भी राकेश तिवारी के बारे में जानकारी नहीं दी गई है. लेकिन इन कहानियों को पढ़ते हुए लगता है कि ये उत्तर भारत से ताल्लुक रखती है और यहां बसे समाज की खिड़कियों पर चढ़ी काली फिल्में नोंच डालती है ताकि सड़ांध का पता सबको लग सके और फड़कती मूंछों का कोलतार उतर सके.

तिवारी के इस संकलन की वैसे तो सभी कहानियों रोचक और पढ़ने लायक है लेकिन 'मुकुटधारी चूहा' और 'मुर्गीखाने की औरतें' जरूर पढ़ी जानी चाहिए. सभी कहानियों में तो नहीं लेकिन कुछ में आंचलिकता का पुट है, लेकिन दर्शन सबमें उपस्थित है. 'कठपुतली थक गई' जहां संचार क्रांति के बाद के प्रभाव को दर्शाती है, तो वहीं 'अंजन बाबू हंसते हंसते' सरकारी दफ्तरों में होने वाली प्रमोशन पॉलिटिक्स की गिरहें खोलते चलते हैं. हालांकि इन सबमें 'मुकुटधारी चूहा' और 'मुर्गीखाने की औरतें' प्रभावी है.

'मुकुटधारी चूहा' में तिवारी ने 'मुक्की' किरदार के जरिए समाज में आए बदलाव को सामने रखा है. दो औरतों की जीवन शैली बताती है कि समाज का एक तबका जहां सुर्ख पेय गटक रहा है, तो कुछ लोगों की जिंदगी अब भी गोबर में लिपटी सुर्ख होने को मजबूर है. अगर थोड़ा ठहर कर देखें, तो ये 'मुकुटधारी चूहा' कब सांप्रदायिक रूप ले लेता है पाठक को पता नहीं चलता.

‘इडियट यह कोई वक्त है फोन करने का. इतना कहकर उसने बत्ती बुझा दी और मुक्की को लेकर बिस्तर पर लुढ़क गई. मुक्की का दम घुटने लगा. उसे मितली आने लगी और फिर चीख पड़ा, मैं दूध नहीं पियूंगा..मैं जहरीला दूध नहीं पियूंगा!’ गाउन के बटन खुले थे, लेकिन इससे बेखबर स्त्री उसे झपटकर पकड़ भी नहीं सकती थी. वह दरवाजे से अंदर गरदन डालते हुए पूरे जोर से चिल्लाया- ‘मैं दूध नहीं पियूंगा..पूतना के हाथ नहीं आऊंगा.’

संकलन की पहली कहानी लंबी है और पाठक से धैर्य की मांग करती है. दूसरी तरफ 'मुर्गीखाने की औरतें' शुरू से अंत तक बांधे रखती है. तीखे कथ्य और विषय इसे संकलन की बेहतरीन कहानी बनाते हैं.

'पंचों की गर्दन के बाल खड़े हो गए. उसने मर्दों को नपुंसक करार दिया. सुनकर पंच हत्थे से उखड़ गए. मूंछें फड़फड़ाने लगीं. उन्होंने फुल्लो को सजा का फरमान सुना दिया. सजा यह कि बारी-बारी से उसके मुंह पर थूका जाए.'

'फुल्लो' राकेश तिवारी के मुर्गी खाने की औरतों में से एक है. वो मुर्गी जो प्रेम कर बैठी. वो ऐसे मर्दों के बीहड़ में रहती है जो अपनी नपुंसकता का इलाज का कराने के बजाय उसे मूंछों के ताव में छुपाए रहते हैं.

मुर्गीखाने की औरतों के बहाने राकेश तिवारी कथित सभ्य समाज की औरतों की स्थिति को उघाड़ देते हैं. वो एक कड़वी सच्चाई बयां करते हैं जो इसी दुनिया की है. लेकिन कुछ ही फुल्लो जुबान खोल पाती है और अपना गला घोंट मुक्ति पाती है. हालांकि इस मुक्ति में एक रुदन है लेकिन इस रुदन से ध्यान हटाने के लिए औरतें अपने-अपने घरों में घुसकर गीत गाने लगती है.’

संकलन की पहली दो कहानियों (मुकुटधारी चूहा और मुर्गीखाने की औरतें) को छोड़ दें तो बाकी कहानियां इनके मुकाबले उन्नीस पड़ती है. कुलमिलाकर मुकुटधारी चूहा आश्वस्त करती किताब है. जिसे पढ़कर मन कहता है कि राकेश तिवारी से उम्मीदें रखी जा सकती है.

Published on aajtak.intoday.in 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"एक हथौड़े वाला घर में और हुआ "

केदारनाथ अग्रवाल की कविता एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! हाथी-सा बलवान, जहाजी हाथों वाला और हुआ! सूरज-सा इंसान तरेरी आँखों वाला और हुआ! एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! माता रही विचार, अंधेरा हरने वाला और हुआ!! दादा रहे निहार, सबेरा करने वाला और हुआ।। एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! जनता रही पुकार सलामत लाने वाला और हुआ सुन ले री सरकार कयामत ढाने वाला और हुआ!! एक हथौड़े वाला घर में और हुआ!

रख दो मेरे होठों पर अपने होंठ

Image_Nandlal मुझे तलब लगी है तुम्हारे होठों की नमी चखने की पर इस पुरवाई में तुम अपने कमरे में कैद हो रात के तीसरे पहर मेरी आँखों में नींद के बजाय तुम्हारा चेहरा है मैं अपना दर्द कहूं तो कैसे मैंने तुम्हें इत्तला नहीं की है लेकिन तुम्हें आभास तो है एकतरफा बह रही पुरवाई से सूख रहा गला तुम्हें कैसे फोन करूँ तुम्हारी नींद में खलल कैसे डालूं तुम्हारी सांसें गिनना चाहूं अभी तुम्हारे हाथों की नमी में सोना चाहूं तुम्हें कैसे जगाऊँ नींद के एक्सटेंशन में मैं तन्हा जगा हूँ तुम्हारे फोन नम्बर का उच्चारण करते गले में पड़ रहा है सूखा जैसे मार्च में ही तप रहा जेठ का सूरज पड़पड़ा रहे होंठ, उधड़ रही चमड़ी सोचता हूँ दौड़ पड़ूं तुम्हारी सड़क की ओर और तुम भी चली आओ मॉर्निंग वॉक करते और रख दो मेरे होठों पर अपने होंठ ताकि तर जाये मेरा गला ठंडी पड़ जाए मेरी रूह शुकराने में मैं चूम लूं तुम्हारी पलकें और भर लूं तुम्हें अँकवार में जैसे एक दूसरे से चिपट जाती हैं बन्द आंख की पलकें

कौड़ियों के भाव बिक रही प्याज: जो रो नहीं पाएंगे वो झूल जाएंगे फंदे से!

Courtesy_Onion_Google images उत्तर भारत में इस समय प्याज की फसल खेतों से मंडी तक पहुंच रही है, लेकिन किसान को कीमत नहीं मिल रही। तीन से चार रुपये किलो का भाव जा रहा है। किसान को दाम नहीं मिल रहा है। वो हताश है, लेकिन सोचिए कि कौन हैं ये लोग जो टन के टन अभी प्याज खरीद रहे हैं ? ये कटु सत्य है कि जो खरीद रहे हैं उनकी चांदी है। बहुत सारे किसान ऐसे हैं जो प्याज को स्टोर करने की स्थिति में नहीं है। उनके पास पैसा नहीं है। फसल उगाने के लिए जो कर्ज लिया था उसे भरना है, ऐसे में उसे पैसा चाहिए, लेकिन प्याज की कीमत नहीं मिल पा रही है। मंडी में प्याज की कीमत तीन से चार रुपया प्रति किलो।  दूसरी ओर बिचौलिये भी सस्ते में प्याज खरीद कर स्टोर करेंगे और जैसे ही उत्तर भारत के राज्यों में बरसात शुरू होगी, प्याज की कीमत चढ़नी शुरू होगी। और इतनी रफ्तार से चढ़ेगी कि आम आदमी कहेगा... ‘ प्याज हमेशा से ही महंगी थी ’ । उसे पता नहीं चलेगा कि इसी प्याज को किसान मई के महीने में 3 रुपया किलो के हिसाब से बेचकर हताश है।  वो बिचौलिए जो प्याज को कौड़ियों के दाम खरीदे हैं। बरसात में 80 से 100...