सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

ईश्वर की आराधना और मेरा अंतर्द्वंद

Courtesy_Nandlal Sharma
नवरात्र चल रहा है और हर कोई ईश्वर की आराधना में जुटा है। मां दुर्गे की पूजा, व्रत और कर्मकांड में हर व्यक्ति लीन दिखाई पड़ रहा है पूरी तन्मयता और भाव से.. लेकिन ये लोग सात्विक भाव और लगन कहां से आते हैं? जब अन्य व्यक्तियों को पूजा करते हुए देखता हूं तो यही सोचता हूं कि आखिर ये लोग कैसे दो-दो घंटे ध्यानमग्न होकर पूजा कर लेते हैं। मैं तो कर ही नहीं पाता हूं। 

ईश्वर के सामने निर्विकार भाव से खड़ा भी नहीं हो पाता हूं। आखिर दो-दो घंटे लोग पूजा और आराधना कैसे कर लेते हैं। एक मूर्ति, कैलेंडर या फोटो के सामने कैसे ध्यानमग्न हो पाते हैं। चलो मान लेते हैं कि सवा करोड़ के इस देश में एकाध करोड़ लोग ध्यान करके स्वयं को स्थिरपज्ञ बना लिए होंगे। अपने आराध्य के सामने बैठने पर ध्यानमग्न हो जाते होंगे..  लेकिन बाकियों का क्या? आखिर वो कैसे ध्यान धारण करते हैं। 

मैं नास्तिक नहीं हूं। ईश्वर में मेरी आस्था है, लेकिन बनावटीपन और ढकोसले मुझे पसंद नहीं है। मैं किसी का फॉलोवर नहीं हो सकता। चाहे वो ईश्वर ही क्यों न हो, मेरी उनमें आस्था है और मैं उनका सम्मान करता है। जैसे एक इंसान.. दूसरे इंसान में आस्था रखता है। पोंगा पंडित और बाबाओं के ढकोसले मुझे बेहद नापसंद हैं। अच्छा तो मैं पूजा करते वक्त व्यक्ति के निर्विकार भाव से ईश्वर में ध्यान में लगाने की बात कर रहा था। 

आपको बताऊं कि जब मैं किसी ईश्वर के सामने हाथ जोड़कर खड़ा होता हूं और प्रार्थना या पूजा में ध्यान लगाने की कोशिश करता हूं। मुझे मेरी गलतियां और भूत में की गई गतिविधियां याद आने लगती हैं। मैं हनुमान जी के मंदिर में खड़ा हाथ जोड़े चालीसा पढ़ रहा हूं और मुझे याद आ रहा है कि कल सुबह जब मैं खेत में हल्का होने गया था, तो गुह लग गया था। मैंने उसे धो तो लिया था, लेकिन नहाया नहीं था और मंदिर चला आया। 

मुझे याद आता है कि पिछले हफ्ते शनिवार शाम को रविंदर की दुकान पर फलां लड़की से टकरा गया था और वह मुस्कुरा चली गई थी.. फिर याद आता है कि मैच हारने के बाद अभिषेक से झगड़ा हो गया था और उससे बातचीत बंद है। मैं हनुमान जी की नजरों से नजरें मिलाने की कोशिश करता हूं कि मेरा ध्यान न भटके, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर पाता हूं। मैं चालीसा पढ़ रहा हूं कि अंतर्मन में यह दोहराव आ रहा है कि जिस चकरोड को पकड़ मैं मंदिर आया हूं उसके दोनों तरफ लोग झाड़ा फिरते हैं और उसकी बदबू और गंदगी मेरे ऊपर जम गई है और मैं वैसे ही मंदिर चला आया हूं। 

मुझे याद आता है कि गांव के ज्यादातर लोग शौच के लिए खेतों में ही जाते हैं और बहुतों के घर शौचालय नहीं है। लोग शौच के लिए लड़ते रहते हैं कि मेरे खेत में क्यों गए? मैं हनुमान चालीसा कि 14वीं चौपाई पढ़ रहा हूं और दिमाग इस बात में खोया है कि कल जब तेरे नाम स्टाइल में बाल निकालकर उत्तर पट्टी वाली गली से गुजरा तो पहलवान ने रोक लिया कि बाल कटवा लो या ऐसे बाल निकालना बंद कर दो। गांव की लड़कियां है। इज्जत का ध्यान रखो.. उसने ही पिछले हफ्ते धमकाया था कि गली से गुजरते हुए गाना मत गाया करो। स्याले को लगता है कि मैं गाना गाऊंगा तो उसकी बेटी मेरे से ही पट जाएगी या मैं गाकर पटा लूंगा। 

हनुमान चालीसा अब खत्म होने को आ गया है लेकिन मैं अभी तक अपना ध्यान केंद्रित नहीं कर पाया हूं। दिमाग में अब भी तमाम बातें उलट पलट रही है और आखिर में मुझे याद आता है कि कल जब पूजा के होंठो पर होंठ रख दिए थे, तो अचानक से उसने अपनी गर्दन घुमा ली थी यह कहते हुए कि आज मेरा व्रत है। मैं अंत में दोहा पढ़ता हूं।

पवन तनय संकट हरन, मंगल मूरति रूप।
राम लखन सीता सहित, हृदय बसहु सूर भूप।।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"एक हथौड़े वाला घर में और हुआ "

केदारनाथ अग्रवाल की कविता एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! हाथी-सा बलवान, जहाजी हाथों वाला और हुआ! सूरज-सा इंसान तरेरी आँखों वाला और हुआ! एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! माता रही विचार, अंधेरा हरने वाला और हुआ!! दादा रहे निहार, सबेरा करने वाला और हुआ।। एक हथौड़े वाला घर में और हुआ! जनता रही पुकार सलामत लाने वाला और हुआ सुन ले री सरकार कयामत ढाने वाला और हुआ!! एक हथौड़े वाला घर में और हुआ!

रख दो मेरे होठों पर अपने होंठ

Image_Nandlal मुझे तलब लगी है तुम्हारे होठों की नमी चखने की पर इस पुरवाई में तुम अपने कमरे में कैद हो रात के तीसरे पहर मेरी आँखों में नींद के बजाय तुम्हारा चेहरा है मैं अपना दर्द कहूं तो कैसे मैंने तुम्हें इत्तला नहीं की है लेकिन तुम्हें आभास तो है एकतरफा बह रही पुरवाई से सूख रहा गला तुम्हें कैसे फोन करूँ तुम्हारी नींद में खलल कैसे डालूं तुम्हारी सांसें गिनना चाहूं अभी तुम्हारे हाथों की नमी में सोना चाहूं तुम्हें कैसे जगाऊँ नींद के एक्सटेंशन में मैं तन्हा जगा हूँ तुम्हारे फोन नम्बर का उच्चारण करते गले में पड़ रहा है सूखा जैसे मार्च में ही तप रहा जेठ का सूरज पड़पड़ा रहे होंठ, उधड़ रही चमड़ी सोचता हूँ दौड़ पड़ूं तुम्हारी सड़क की ओर और तुम भी चली आओ मॉर्निंग वॉक करते और रख दो मेरे होठों पर अपने होंठ ताकि तर जाये मेरा गला ठंडी पड़ जाए मेरी रूह शुकराने में मैं चूम लूं तुम्हारी पलकें और भर लूं तुम्हें अँकवार में जैसे एक दूसरे से चिपट जाती हैं बन्द आंख की पलकें

कौड़ियों के भाव बिक रही प्याज: जो रो नहीं पाएंगे वो झूल जाएंगे फंदे से!

Courtesy_Onion_Google images उत्तर भारत में इस समय प्याज की फसल खेतों से मंडी तक पहुंच रही है, लेकिन किसान को कीमत नहीं मिल रही। तीन से चार रुपये किलो का भाव जा रहा है। किसान को दाम नहीं मिल रहा है। वो हताश है, लेकिन सोचिए कि कौन हैं ये लोग जो टन के टन अभी प्याज खरीद रहे हैं ? ये कटु सत्य है कि जो खरीद रहे हैं उनकी चांदी है। बहुत सारे किसान ऐसे हैं जो प्याज को स्टोर करने की स्थिति में नहीं है। उनके पास पैसा नहीं है। फसल उगाने के लिए जो कर्ज लिया था उसे भरना है, ऐसे में उसे पैसा चाहिए, लेकिन प्याज की कीमत नहीं मिल पा रही है। मंडी में प्याज की कीमत तीन से चार रुपया प्रति किलो।  दूसरी ओर बिचौलिये भी सस्ते में प्याज खरीद कर स्टोर करेंगे और जैसे ही उत्तर भारत के राज्यों में बरसात शुरू होगी, प्याज की कीमत चढ़नी शुरू होगी। और इतनी रफ्तार से चढ़ेगी कि आम आदमी कहेगा... ‘ प्याज हमेशा से ही महंगी थी ’ । उसे पता नहीं चलेगा कि इसी प्याज को किसान मई के महीने में 3 रुपया किलो के हिसाब से बेचकर हताश है।  वो बिचौलिए जो प्याज को कौड़ियों के दाम खरीदे हैं। बरसात में 80 से 100...